
निराला के निमित्त संस्था की ओर से निराला जी की पुण्यतिथि पर इलाहाबाद में प्रतिवर्ष दिया जाने वाला निराला-स्मृति सम्मान 2025 में हिन्दी के वरिष्ठ कथाकार अब्दुल बिस्मिल्लाह को प्रदान किया जाएगा।
निराला के निमित्त संस्था की ओर से निराला जी की पुण्यतिथि पर इलाहाबाद में प्रतिवर्ष दिया जाने वाला निराला-स्मृति सम्मान 2025 में हिन्दी के वरिष्ठ कथाकार अब्दुल बिस्मिल्लाह को प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान निराला जी की पुण्यतिथि पर 15 अक्टूबर 2025 को एक सम्मान समारोह में प्रदान किया जाएगा।
इस सम्मान हेतु गठित निर्णायक समिति की आज सम्पन्न ऑनलाइन मीटिंग में सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया। निर्णायक समिति के सदस्य-सर्वश्री राजेश जोशी (भोपाल), रणेन्द्र (राँची) एवं वैभव सिंह (चंडीगढ़) रहे।
निराला के निमित्त संस्था के अध्यक्ष विवेक निराला ने बताया कि निर्णायक समिति की ऑनलाइन मीटिंग का संयोजन संस्था की ओर से सूर्य नारायण ने किया।
अब्दुल बिस्मिल्लाह का जन्म 5 जुलाई 1949 को इलाहाबाद जिले के बलापुर गाँव में हुआ तथा एम ए और डी फिल उन्होंने इलाहाबाद विश्वविद्यालय से किया। उनके अब तक 8 उपन्यास, 5 कहानी संग्रह, 2 कविता संग्रह, एक नाटक, तीन आलोचना पुस्तकें और मिर्ज़ा ग़ालिब की डायरी ‘दस्तम्बू’ का सम्पादन प्रकाशित है।
जामिया मिलिया इस्लामिया, नई दिल्ली के हिन्दी विभाग के प्रोफेसर और विभागाध्यक्ष रहे अब्दुल बिस्मिल्लाह को सोवियत लैण्ड नेहरू पुरस्कार, दिल्ली हिन्दी अकादमी, उत्तर प्रदेश हिन्दी संस्थान और मध्य प्रदेश साहित्य परिषद के देव पुरस्कार से सम्मानित किया जा चुका है।
(समाचार)