आज तक, मेरा उनसे कोई खास मिलना-जुलना नहीं रहा है।यह उस दौर से बिल्कुल अलग है, जब अलग-अलग पार्टियों के नेता आपस में बड़े दोस्ताना और गर्मजोशी से पेश आते थे।हम दोनों की सोच बिल्कुल अलग दुनिया की है; देश को लेकर उनका नजरिया मुझसे बहुत जुदा है।
अपनी किताब में सोनिया जी ने नरेंद्र मोदी का जो चरित्र चित्रण किया है, उसको सरल हिंदी में पढ़ ही लीजिए – पीयूष बबेले का हिंदी अनुवाद
”जब मैं यह लिख रही हूँ, तब तक नरेंद्र दामोदरदास मोदी को भारत के प्रधानमंत्री के रूप में बारह साल से ज़्यादा हो चुके हैं और अब वे अपने तीसरे कार्यकाल में हैं। आज तक, मेरा उनसे कोई खास मिलना-जुलना नहीं रहा है। हम बस कभी-कभार किसी सरकारी या औपचारिक जलसे में मिल जाते हैं, जैसे हर संसद सत्र के खत्म होने पर जब मुख्य पार्टियों के नेता स्पीकर के कमरे में जमा होते हैं। वह कमरा काफी छोटा होता है और आम तौर पर वहाँ काफी भीड़ होती है, लेकिन जब वह मेरे सामने आते हैं, तो हम बस अदब के साथ एक-दूसरे को ‘नमस्ते’ कहते हैं। यह उस दौर से बिल्कुल अलग है, जब अलग-अलग पार्टियों के नेता आपस में बड़े दोस्ताना और गर्मजोशी से पेश आते थे। अब वह अक्सर नजरें चुरा लेते हैं और आँखें मिलाने से बचते हैं। जब कभी मैं अस्पताल से लौटकर आई, तो उन्होंने पूछा, “ठीक हैं, आप?” और मैंने जवाब दिया, “जी, अब मैं ठीक हूँ, शुक्रिया।” इस तरह की छोटी-मोटी बातों के अलावा, हमारी कभी कोई लंबी बातचीत नहीं हुई, हाँ, पिछले कुछ सालों में हमने जन्मदिन और नए साल की मुबारकबाद जरूर आपस में बांटी है।
हम दोनों की सोच बिल्कुल अलग दुनिया की है; देश को लेकर उनका नजरिया मुझसे बहुत जुदा है। भारत के बारे में मैंने जो कुछ भी सीखा, वह अपने परिवार के लोगों से, उनकी खिदमत भरी जिंदगी से और एक ऐसे मुल्क पर उनके भरोसे से सीखा, जो अपनी तहजीब, जुबानों और मजहबों की विविधता को समेटे हुए है और जिसकी बुनियाद सबके लिए बराबरी और आज़ादी के उसूलों पर टिकी है। इसके उलट, नरेंद्र मोदी का भारत का तसव्वुर आरएसएस के विचारकों और उनके अपने बचपन-जवानी के अनुभवों से बना है। वह एक ऐसी कट्टर सोच को बढ़ावा देता है जिसमें उनका मजहब और संस्कृति बाकी सब पर भारी पड़ती है। उस सोच वाले भारत में ऊंच-नीच, हुकूमत और कंट्रोल सबसे ऊपर हैं। वह अपने सपनों के भारत के लिए लड़ रहे थे, और मैं अपने सपनों के भारत के लिए: एक ऐसा भारत जो किसी की दादागिरी के खिलाफ हो, एक ऐसा भारत जो सबको साथ लेकर चलने वाला, सेक्युलर और सामाजिक न्याय का हामी हो।
यह कोई व्यक्तिगत मामला नहीं था। राजनीति में आने का उनका रास्ता मेरे रास्ते से बिल्कुल अलग था। लेकिन हमारे दौर के पॉश ड्राइंग रूम्स में जब राजनीतिक चर्चा होती थी, तो वहां के हुक्मरान तबके की बेचैनी से मैं भी काफी हद तक वाकिफ थी। मुझे अक्सर ऐसा महसूस होता था कि वहां जो राय दी जाती है, वह आम भारत की हकीकत से कोसों दूर होती है। मेरे अपने क्षेत्र और देश भर के दौरों के दौरान मैंने जिस दुख-दर्द और जीने की जद्दोजहद को देखा था, उसका इस अमीर तबके को कोई अंदाजा ही नहीं था। यह सच है कि श्री मोदी की शुरुआत उतनी गरीब परिवार से नहीं हुई होगी जैसा कि उनकी पीआर टीम ने अपनी छवि चमकाने के लिए प्रचारित किया है, लेकिन इसमें कोई दो राय नहीं कि उन्होंने आरएसएस के भीतर बहुत निचले और संघर्ष भरे माहौल से उठकर ताकत हासिल की है।
संसद में बोलते वक्त वह कभी-कभी वैसी ही तीखी और कड़वी भाषा का इस्तेमाल करते हैं जो वह किसी आम जनसभा में बोलते हैं। ज्यादातर वक्त वह विपक्ष का मजाक उड़ाते हैं, जिसे एक तरह की बयानबाजी या भड़ास ही कहा जा सकता है। हमारे पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू उनके और उनकी पार्टी के खास निशाने पर रहते हैं, क्योंकि उन्होंने ही देश को लोकतंत्र और सेक्युलरिज्म के रास्ते पर आगे बढ़ाया था। संघ परिवार की वेबसाइट्स उनके खिलाफ झूठी कहानियों और नफरत से भरी बातों से भरी पड़ी हैं। बीजेपी का खुला मकसद एक ऐसा भारत बनाना है जिसे वे “कांग्रेस-मुक्त भारत” कहते हैं—यानी ऐसी पार्टी, उसकी नीतियों और उसकी विचारधारा से आज़ाद मुल्क।
मेरा मानना है कि इस नफरत और दूरी की वजह प्रधानमंत्री की वह ट्रेनिंग है जो उन्हें आरएसएस से मिली है। संघ ने अपने कार्यकर्ताओं के दिल-दिमाग में हिंदू धर्म का एक ऐसा सख्त और संकुचित रूप बैठा दिया है जिसे एक राजनीतिक हथियार बना दिया गया है। मैंने अपनी सास से जो सीखा, वह वह आस्था थी जिसे सदियों से भारत के आम लोगों ने, आजादी की लड़ाई के दिग्गजों से लेकर गांवों के सबसे गरीब इंसान तक ने माना है। यह आस्था हर तरह के विचारों को अपनाती है, किसी एक भगवान, नियम, पैगंबर या धार्मिक किताब तक सीमित नहीं है, और इसमें विरोध या असहमति की पुरानी परंपराएं भी शामिल हैं। महात्मा गांधी ने जिस तरह से अहिंसा और धर्म को समझाया, मुझे उसी रास्ते पर चलना सिखाया गया, और इसी से मुझे सबको अपनाकर समझने का अनुभव मिला। बेशक, हमारे समाज में सदियों पुरानी जाति-व्यवस्था की अपनी बड़ी और पुरानी समस्याएं रही हैं जिनमें जुल्म और असमानता शामिल हैं; लेकिन हिंदू धर्म के भीतर ही कई बड़े समाज-सुधारकों ने जाति की इस जकड़न पर सवाल उठाने और उसे चुनौती देने के लिए इसी धर्म के भीतर के विचारों का इस्तेमाल किया है। हिंदू धर्म में सबको साथ लेकर चलने की जो असली भावना है, वह एक पुरानी बात में इस तरह कही गई है: एकम् सत् विप्रा बहुधा वदंति- “सच्चाई एक है, उसे पाने के रास्ते कई हैं।”
(पीयूष बबेले की पोस्ट से साभार)
