Oplus_16908288
पंडित नेहरू की सर्वोच्च प्राथमिकता भारत के नव निर्माण और उसे गतिशील लोकतंत्र के रूप में प्रतिष्ठित करने की थी । उन्होंने अपना सारा ध्यान और अपनी सारी ऊर्जा इस ओर ही केंद्रित की । यह आधुनिक भारत के निर्माण का काल था – अनथक , ‘ आराम हराम है ‘ नारे के साथ ।
पं जवाहर लाल नेहरू
(14 नवंबर 1889- 27 मई 1964)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का अब तक का कार्यकाल, विदेश तक के भारतीय समुदायों के बीच ‘ 70 साल में कुछ नहीं हुआ ‘ कह कर केवल पंडित नेहरू के छवि हनन का ही रहा । मोदी जी की कोशिश भारतीयों की स्मृति से पंडित नेहरू को पोंछने की रही । जो संम्भव नही है । जबकि राहुल गांधी की ‘ भारत जोड़ो यात्रा ‘ पंडित नेहरू की स्मृतियां जगमगा देने की थी ।
जरा ध्यान दें पंडित नेहरू जब भारत का मुस्तकबिल संवारने की जिम्मेदारी उठाते हैं , हालात क्या थे ?
” … ऐतिहासिक परिप्रेक्ष्य में देखें तो उपलब्धियां बेशक बड़ी हैं , खासकर इस लिहाज से देखें कि 1947 में आजादी के समय देश किस हाल में था । भारत हठी साम्राज्यवादी शासकों के दमनकारी शासन से मुक्त हुआ था । जब तक अंग्रेज चले नहीं गये तब तक वास्तविक सत्ता का हस्तांतरण कम ही हुआ था ।
उस समय यह सन्देह स्वाभाविक था कि भारत में एक गतिशील लोकतंत्र को चलाने की क्षमता है भी या नहीं । दूसरी चुनौती अराजकता और संघर्ष के खतरे से या देश के हिंसक विभाजन तक से बचने की थी ।
पूरे भारत की सांस्कृतिक साम्यता के हजारों वर्षों के इतिहास और स्वतंत्रता संघर्ष ने जन एकता की भावना को तो जरूर मजबूत किया था लेकिन देश के भीतर की भाषाई , धार्मिक और जातीय विविधताओं तथा विभाजनों ने संशयवादियों को यह चिंता करने के पर्याप्त कारण दे दिए थे कि अधिनायकवादी शासन के बिना यह देश टूट सकता है । और तो और स्वतंत्रता पूर्व के भारत का जिस अराजक तरीके से दो देशों – भारत और पाकिस्तान – में विभाजन हुआ , उसने इस चिंता के लिए जायज वजह जुटाई कि देश के और हिंसक टुकड़े तो नहीं होंगे ?
इन चिंताओं को पुष्ट और कुछ हद तक फीका करने वाली सच्चाई थी भारत की गरीबी , जो शायद इस देश की सबसे सर्वज्ञात बात थी । इतनी कि यूरोप और अमेरिका में माता – पिता अपने बच्चों को हिदायत देते थे कि ‘ भूखों मर रहे भारतीयों ‘ के प्रति नैतिक जिम्मेदारी की खातिर वे अपनी प्लेट में जूठन न छोड़ें । और सचमुच औपनिवेशिक शासन की समाप्ति से चार साल पहले भारत में ऐसा भयंकर अकाल पड़ा था कि 20 से 30 लाख लोगों की मौत हो गई ।
…… नए – नए आजाद हुए भारत ने निराशाजनक शुरुआत के बावजूद एक के बाद एक कई महत्वपूर्ण राजनीतिक तथा आर्थिक सफलताएं हासिल कीं । सदियों के औपनिवेशिक शासन के बाद उसने एक संकल्पवान लोकतांत्रिक सरकार को अपनाने का जो अविलम्ब निर्णय किया , वह ठोस तथा व्यवहारिक साबित हुआ । बहरहाल कुल मिलाकर सफल माने गये लोकतांत्रिक शासन के साठ से ज्यादा सालों के बाद भारत ने अपनी प्रतिष्ठा एक अग्रणी लोकतंत्र के रूप में स्थापित कर ली है । ….”
( ‘ An uncertain glory : India and its contradictions ‘ by
Jean Dreze and Amartya Sen ‘ से साभार )
पंडित नेहरू की सर्वोच्च प्राथमिकता भारत के नव निर्माण और उसे गतिशील लोकतंत्र के रूप में प्रतिष्ठित करने की थी । उन्होंने अपना सारा ध्यान और अपनी सारी ऊर्जा इस ओर ही केंद्रित की । यह आधुनिक भारत के निर्माण का काल था – अनथक , ‘ आराम हराम है ‘ नारे के साथ । आज जो भी भारत के पास गौरवशाली है शिक्षा, स्वास्थ्य , वैज्ञानिक अनुसंधान, साहित्य, ललित – कला,अभियांत्रिकी, सार्वजनिक भारी उद्योग के हलके में दिख रहा है,भारत की यश:कीर्ति के मीनार सा, पंडित नेहरू की देन है ।
(नेहरू रिव्यू से साभार)
