असल में फ़ैज़ एक शायर नही पूरी एक रवायत थे । जो हर चीज़ पर अपना असर छोड़ते । अपने ही मुल्क में जेल गए । जेल में जब किताब के नाम पर सिर्फ कुरान मिला, तो मुसलसल चार महीने कुरान पढ़ा और अपने अन्दर के सूफ़ीज़म को ख़ुराक़ देने लगे ।
आज फ़ैज़ की बरसी है । जिनके बारे में कहा गया कि अल्लामा के बाद इस पूरे हिस्से का सबसे बड़ा शायर थे फ़ैज़,जबकि फ़ैज़ ने हंसते हुए कहा,कि यह बात ग़लत है और हमारे दौर में और भी बेहतरीन शायर हैं । ख़ैर, फ़ैज़ की शायरी को अगर एक तरफ़ रख दें,तो उनकी ज़िंदगी को ज़्यादा अच्छे से समझा जा सकता है ।
कहते हैं कि फ़ैज़ कभी नाबालिग़ नही रहे । इसका जवाब भी वह देते हैं कि सच में, जब एक चवन्नी हम तीनों भाइयों को मिलती थी,तो मेरे भाई लट्टू,मलाई कुल्फ़ी वगैरह लेते थे और हम जो शुरू से एक थकी थकी हालत में बचपन को जीते थे, किताबें ख़रीदा करते थे । मेरे अपने भाइयों की ज़िन्दगी की दिलचस्पी से ठीक उलट हम बहुत ख़ामोश तबियत किताबों में खोए रहने वाले थे,तो ज़ाहिर है बालिग़ ही जन्में थे ।
खेल में सिर्फ़ क्रिकेट खेला मगर जब मौका आया तो इस शख़्स ने सहाफ़त यानि पत्रकारिता को भी अपना पेशा बनाया । नेरुदा से दोस्ती ऐसी की महीनों उनके साथ रहे, जबकि तबतक नेरुदा को कुछ ख़ास पढ़ा नही था । जब पढ़ा, तो ख़ुद का नज़रिया भी बदल गया ।
पहले अपनी मोहब्बत, अपनी ज़ात,अपनी सोच और फ़िक्र पर कलम चलाते रहे,मगर जैसे ही इंसान की आज़ादी की समझ बढ़ी । तो कलम उधर मुड़ कर एक कहर बन गई । कॉलेज के दिनों में मज़दूरों की बस्ती में स्टडी सर्किल खोले । मज़दूरों को इतिहास,भूगोल,दर्शन पढ़ाते । वह कहते हुए हंसते थे कि हमे नही पता कि हम उन्हें समझा पा रहे थे या नही मगर लगता यही था कि उन्हें हर बात जाननी तो चाहिए ।
जब विश्वयुद्ध सरपर आया तो सेना में भर्ती हो गए । सैनिकों के बीच बहस और शिक्षा के प्रसार के लिए “जोश सर्किल” बनाया । यह सैनिकों के लिए बिल्कुल नई चीज़ थी । यह लोग इसमें युद्धों की आवश्यकता और उसके परिणाम पर बहस करते । सेना से छूटे तो पत्रकार हो गए । म्यूज़िक की वह समझ की दोस्त इब्राहीम के साथ महीनों पहाड़ों पर मौसिक़ी में झूमते ।
मोहब्ब्त में पड़े तो एलिस की,जब एलिस ने दो शर्त लगाई । तो झुककर मान गए और सारी ज़िन्दगी एलिस की शर्तों का पास रखा । एलिस ने कहा कि एलिस फ़ैज़ बनने से पहले मुझसे दो वादे करो,एक कि दूसरी शादी नही करोगे और दूसरा यह कि तलाक़ का हक़ मुझे भी रहेगा । फ़ैज़ मुस्कुराए,जैसे भला यह कोई शर्त है । यह तो तुम्हारा हक़ ही है और ताउम्र उन्होंने इसे माना ।
जब जेल में थे,तब एलिस साइकिल से लाहौर की गलियों में जाकर बच्चियों के लिए सामान ख़रीदती । उनकी ग़ैर मौजूदगी में मेहनत करके परिवार पालती, जिसे जानकर सलाखों में फ़ैज़ तड़प उठते । जिस मुहब्बत से एलिस रुक गई थीं,वह उनका इम्तेहान ले रही थी और फ़ैज़ उसका नतीजा थे । जो सलाखों में बंद थे । फ़ैज़ को हर शै में दिलचस्पी थी । वह सबका दिल रखते ।
एक रोज़ उनसे एक प्रोग्राम में आयोजक ने कहा,फ़ैज़ साहब,वह नूर जहाँ वाली नज़्म पढ़िए । वह मुस्कुराए और बोले कि हाँ, वह नज़्म अब नूर जहाँ की ही है । मैंने उनको ही देदी, अब वह उनकी ही है ।
असल में फ़ैज़ एक शायर नही पूरी एक रवायत थे । जो हर चीज़ पर अपना असर छोड़ते । अपने ही मुल्क में जेल गए । जेल में जब किताब के नाम पर सिर्फ कुरान मिला, तो मुसलसल चार महीने कुरान पढ़ा और अपने अन्दर के सूफ़ीज़म को ख़ुराक़ देने लगे ।
मुझे फ़ैज़ की पूरी ज़िंदगी बड़ी मुतास्सिर करती है । उनकी हर करवट,जो पहले से तय नही होती, हालात से रास्ता बनाती है । जो ज़ुल्म से जूझने की ताक़त देती है ।।जो कलम में सोच और फिक्र को पैबस्त करने को कहती है । जो हमें ज़रा इंसान बनने को कहती है । मुझे उन फैज़ से बहुत मोहब्बत और रग़बत है ।
आज आपकी बरसी पर आपको याद करते हुए यह कहने में ज़रा भी गुरेज़ नही कि आप सच में इंसानियत से भरे पूरे वह इंसान हैं, जिनसे सदी पहचानी जाए…अभी तो आपकी तमाम खुशबू दुनिया को अपनी आग़ोश में लेगी और उनपर आपकी शख़्सियत खुलेगी । यह होते हुए, हम भी देखेंगे…
हफ़ीज़ अतीक किदवई की पोस्ट से साभार
