बंगलुरु की जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि की ग्रेटा थुनबर्ग ‘टूलकिट’ केस में गिरफ़्तारी

दिल्‍ली पुलिस ने शनिवार रात बंगलुरु से किसान आंदोलन की समर्थक एक जलवायु कार्यकर्ता दिशा रवि को गिरफ्तार किया है। दिशा रवि फ्राइडेज़ फॉर फ्यूचर नाम के जलवायु परिवर्तन सम्‍बंधी अभियान की सह-संस्‍थापक हैं। उन्‍हें बंगलुरु से शनिवार शाम फ्लाइट से दिल्‍ली लाया गया। आज उन्‍हें अदालत में पेश किया गया। अदालत ने उन्‍हें पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेज दिया है।

मामला किसान आंदोलन के दौरान जलवायु परिवर्तन कार्यकर्ता ग्रेटा थुनबर्ग द्वारा ट्विटर पर डाले गए एक वर्ड फाइल का था जिसे ‘टूलकिट’ के नाम से प्रचारित किया गया है। इस फाइल में किसान आंदोलन के समर्थन में चलाये जाने वाले अभियानों का विवरण था। ग्रेटा ने इस ‘टूलकिट’ को बाद में डिलीट कर दिया था।

दिशा पर आरोप है कि उन्‍होंने ही यह टूलकिट ग्रेटा को भेजा था और उन्‍हीं के कहने पर ग्रेटा ने उसे डिलीट किया था। पुलिस इस ‘टूलकिट’ को देश को बदनाम करने वाले अंतरराष्‍ट्रीय षडयंत्र के रूप में देख रही है, जिसे खालिस्‍तानी समूहों के साथ मिलकर अंजाम दिया गया।

दिशा का कहना है कि उन्‍होंने केवल किसान आंदोलन का समर्थन किया था और वे किसी भी खालिस्‍तानी समूह को नहीं जानती हैं। उन्‍होंने माना है कि ‘’टूलकिट’’ में उन्‍होंने दो बार संपादन किया था लेकिन उसे बनाया नहीं था।

‘टूलकिट’ सामने आने के बाद दिल्‍ली पुलिस ने 4 फरवरी को एक एफआइआर दर्ज की थी। दिशा की गिरफ्तारी उसी के सिलसिले में की गयी है। ख़बर आयी थी कि एफआइआर में ग्रेटा थुनबर्ग का भी नाम है लेकिन बाद में इसका खंडन आ गया था।    

Agency

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *